मंडला: नैनपुर थाना क्षेत्र के हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में गणेश विसर्जन के बाद बड़ा हादसा हो गया। पंडाल में सो रहे युवकों के बीच अचानक करंट फैलने से चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन युवक घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, गणेश प्रतिमा विसर्जन के बाद करीब 7 से 8 युवक पंडाल में सो रहे थे। शनिवार सुबह करीब 5:30 बजे अचानक पंडाल में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मृतकों की पहचान जैनू भांवरे (19), रवि झारिया (24), कृष्ण कुमार भांवरे (18) और वीरेंद्र भांवरे (24) के रूप में हुई है। घायलों में प्रियांशु को गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि दो अन्य घायलों का उपचार नैनपुर अस्पताल में चल रहा है।
गणेश प्रतिमा हीरापुर गांव के खिरका मोहल्ले में स्थापित की गई थी। हादसे की सूचना मिलते ही नैनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हादसे के कारणों और पंडाल में करंट फैलने की स्थिति की जांच कर रही है।









