कोटा। हैहय क्षत्रिय कलाल संस्थान (सभा) कोटा की ओर से दशहरा मैदान में 23 जनवरी 2026, बसंत पंचमी के पावन अवसर पर विशाल निशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सम्मेलन में कलाल समाज के निर्धन परिवारों की बेटियों का विवाह समाज के सहयोग से संपन्न कराया जाएगा। अब तक 51 जोड़ों का पंजीयन हो चुका है, जबकि आयोजन में 25 से 30 हजार लोगों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।
संस्थान के अध्यक्ष विकास मेवाड़ा ने बताया कि राजस्थान की बेटियों के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रदान की जाने वाली 21 हजार रुपये की सहायता राशि हेतु पंजीयन की प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। इस सामूहिक विवाह सम्मेलन की एक विशेष पहचान यह होगी कि नवदंपती सात वचनों के साथ पर्यावरण संरक्षण का आठवां वचन भी लेंगे। इसके तहत प्रत्येक जोड़ा एक-एक पौधा लगाएगा और उसे विकसित करने की जिम्मेदारी निभाएगा।
मेवाड़ा ने कहा कि समाज में एक बड़े, सुव्यवस्थित और सम्मानजनक सामूहिक विवाह सम्मेलन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी भावना के साथ समाज के सभी वर्गों ने एकजुट होकर इस ऐतिहासिक आयोजन का निर्णय लिया है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे।
ये रहेंगे विशिष्ट अतिथि
नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेश बिरला, कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा, उपभोक्ता भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला, उपाध्यक्ष नरेन्द्र कृष्ण बिरला, संजय जायसवाल (मुख्य सचेतक, लोकसभा), लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी राजीव दत्ता, भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, देहात जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, डिप्टी डायरेक्टर लोकसभा दिनेश पारेता सहित अनेक प्रबुद्धजन उपस्थित रहेंगे।
ऐतिहासिक बनाने की तैयारियां पूरी
सामूहिक विवाह सम्मेलन के संयोजक अनिल वर्मा ने बताया कि यह आयोजन पूरी तरह निशुल्क होगा और इसे ऐतिहासिक स्वरूप देने की व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। सभी अतिथियों और समाजजनों के लिए टेबल-कुर्सी पर सम्मानपूर्वक भोजन की व्यवस्था रहेगी, जिससे माहौल घर की शादी जैसा महसूस हो।
कार्यक्रम रूपरेखा:
- सुबह 8 बजे: गणेश स्थापना
- सुबह 9:30 बजे: निकासी
- सुबह 10:30 बजे: तोरण व वरमाला
- सुबह 11:30 बजे: भामाशाह सम्मान
- दोपहर 12:15 बजे: पाणिग्रहण संस्कार
- दोपहर 2:15 बजे: विदाई समारोह
संरक्षक प्रकाश जायसवाल ने बताया कि इस अवसर पर भामाशाहों की ओर से नवदंपतियों को उपहार भेंट किए जाएंगे। जयपुर से विशेष डांसिंग ग्रुप आमंत्रित किया गया है, जो ऐतिहासिक शैली में वरमाला कार्यक्रम प्रस्तुत करेगा। विशाल पांडाल का निर्माण अंतिम चरण में है।
प्रत्येक जोड़े को लगभग 60 से 70 हजार रुपये मूल्य के उपहार दिए जाएंगे, जिनमें डबल बेड, गद्दे, मिक्सी सहित विभिन्न घरेलू उपयोगी सामान शामिल होंगे।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में कोषाध्यक्ष ओम प्रकाश पारेता, मंत्री डीएन कलवार, उपाध्यक्ष चेतराम मेवाड़ा, उप मंत्री मनोज वर्मा, डायरेक्टर शिवराज ग्वालेरा, धनपाल माहुर, विशाल वर्मा, राजकुमार कलवार, शंकर मालवीय, पवन कलवार, शांति सुवालका, प्रदीप माहुर, महावीर पारेता, पूर्व अध्यक्ष नरेन्द्र भास्कर, महिला मंडल अध्यक्ष मीना सुवालका, जैस्मिन मेवाड़ा, अनिता वर्मा, युवा मंडल अध्यक्ष लक्की पारेता सहित बड़ी संख्या में समाजजन मौजूद रहे।








