कोटा। एमबीएस अस्पताल में मरीजों के लिए गुरुवार से बड़ी सुविधा शुरू हो गई है। अब सभी प्रकार की बीमारियों से पीडि़त मरीजों को एक ही भवन में समुचित उपचार मिल सकेगा। अस्पताल की नई ओपीडी बिल्डिंग में आपातकालीन (इमरजेंसी) वार्ड को शिफ्ट कर दिया गया है। पिछले कई वर्षों से आपातकालीन सेवाएं पुरानी बिल्डिंग (125 नंबर वाली) में संचालित हो रही थीं, जिसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को ओपीडी और इमरजेंसी के लिए अलग-अलग भवनों के चक्कर लगाने पड़ते थे।
इस परेशानी को दूर करने के लिए अस्पताल प्रशासन ने यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब मरीजों को जांच, इलाज और आपात स्थिति में त्वरित सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी, जिससे समय की बचत के साथ बेहतर स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित होगी। इस नई व्यवस्था का शुभारंभ कोटा मेडिकल कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. संगीता सक्सेना, अस्पताल अधीक्षक डॉ. धर्मराज मीणा तथा सभी विभागों के विभागाध्यक्षों की मौजूदगी में हुआ।
कार्यक्रम में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने की दिशा में यह प्रयास सराहनीय बताया गया। यह बदलाव संभागीय मुख्यालय के सबसे बड़े अस्पताल में मरीज-केंद्रित सुविधाओं को बढ़ावा देगा। फिलहाल इमरजेंसी सेवाएं नई बिल्डिंग में शुरू हो चुकी हैं, जबकि भर्ती संबंधी अन्य व्यवस्थाएं भी चरणबद्ध तरीके से अपडेट की जा रही हैं। इससे हजारों मरीजों को सालाना लाभ मिलेगा।








