कोटा |
राजस्थान में भाजपा सरकार के दो वर्ष पूरे होने के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस की ओर से पोल खोल रैली निकाली गई। रैली लाडपुरा पंचायत समिति से प्रारंभ होकर कोटा कलेक्ट्रेट पर समाप्त हुई, जहां कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी एवं पूर्व विधायक कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया।
रैली का आयोजन शहर जिला कांग्रेस महामंत्री विपिन बरथुनिया, कांग्रेस नेता अजय भान सिंह शतावत, किसान नेता विनोद शर्मा एवं सचिव राजू पहाड़िया द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन महिला कांग्रेस नेत्री मंजू चौधरी ने किया।
“राजस्थान की भाजपा सरकार ब्यूरोक्रेसी के अधीन” – गुंजल
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल ने कहा कि राजस्थान में बैठी भाजपा सरकार आखिर किस बात पर दो साल का जश्न मना रही है। वास्तविकता यह है कि प्रदेश में पर्ची सरकार चल रही है, जिस पर पूरी तरह ब्यूरोक्रेसी हावी हो चुकी है। इसके चलते राजस्थान हर क्षेत्र में पिछड़ता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हालात इतने खराब हैं कि प्रदेश के विश्वविद्यालयों को कर्मचारियों के वेतन और पेंशन तक के लिए कर्ज लेना पड़ रहा है। भाजपा सरकार की नाकामी और केंद्र सरकार की पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण अरावली पर्वतमाला पर कुठाराघात किया गया। देश के जागरूक नागरिकों और संस्थाओं के आंदोलन के चलते सुप्रीम कोर्ट को स्वयं हस्तक्षेप कर रोक लगानी पड़ी।
बनास नदी में अवैध खनन, कोटा की बिगड़ती स्थिति पर सवाल
प्रहलाद गुंजल ने आरोप लगाया कि कोटा में भाजपा नेताओं की मिलीभगत से अरावली क्षेत्र में बहने वाली बनास नदी से अत्यधिक खनन किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण को भारी नुकसान हो रहा है, लेकिन सरकार आंखें मूंदे बैठी है।
उन्होंने कहा कि कोटा शहर में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। कोचिंग संस्थान और उद्योग बंद होने के कगार पर हैं, जिससे रोजगार और आजीविका का संकट गहराता जा रहा है। जो लोग आवाज उठाते हैं, उन्हें पुलिस और गुंडों के माध्यम से दबाया जा रहा है। शहर की कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।
“दो साल में सिर्फ घोषणाएं, काम शून्य” – विपिन बरथुनिया
शहर कांग्रेस महामंत्री विपिन बरथुनिया ने कहा कि भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने के बावजूद कोटा में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ। केवल घोषणाएं की गईं, जमीनी स्तर पर काम शुरू नहीं हुआ। भाजपा मंत्री खुद कहते हैं कि बजट नहीं है, तो विकास कैसे होगा?
उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में केडीए द्वारा आयोजित टूरिज्म कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं को आमंत्रित नहीं किया गया, जबकि जिन स्थानों पर आयोजन हुआ, वे सभी कांग्रेस शासन की देन हैं।
इन नेताओं ने भी किया संबोधन
रैली को शहर कांग्रेस उपाध्यक्ष बलविंदर सिंह बिल्लू, अजय भान सिंह शक्तावत, राजू पहाड़िया, विनोद शर्मा, गोपाल महेश्वरी, राजेंद्र भारद्वाज एवं अब्दुल हमीद गोड़ ने भी संबोधित किया।
बड़ी संख्या में कांग्रेसजन रहे मौजूद
रैली में पूर्व पार्षद इसरार अहमद, सेवादल प्रदेश सचिव अमित सूद, महासचिव प्रशांत सक्सेना, चेतन मेवाड़ा, गुलाम हुसैन, दीपक नामदेव, इंद्र जैन, मनीष गुर्जर, नीरज शर्मा, मोहम्मद इनायत लाला, रजिया बानो, मनीष सुमन, मुकेश प्रजापति, दुष्यंत सिंह, श्याम सिंह मीणा, दीपचंद जैन, महेश रेगर, बुधराज सिंह हाड़ा, शुभम मेवाड़ा, रामू मेवाड़ा, तन्मय सोरल, नफीस कुरेशी, हरीश नागर, अनिल डोंगरिया, एडवोकेट इमरान खान, नदीम रजा, निरंजन सैनी, पिंटू वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








