कोटा। दीपावली की खुशियों में महंगाई आड़े न आए, इसके लिए कोटा जिला सहकारी उपभोक्ता होलसेल भंडार ने विशेष तैयारी की है। भंडार ने मिठाइयां, नमकीन और ब्रांडेड ग्रीन पटाखों की विशाल रेंज बाजार से रियायती दरों पर उपलब्ध कराई है। लोकप्रिय ब्रांड के पटाखों पर एमआरपी से 60 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है, वहीं काजू कतली 900 रुपये किलो के भाव से मिल रही है।
भंडार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला एवं नागरिक सहकारी बैंक अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि शहरवासियों को वर्षों से गुणवत्तापूर्ण उत्पाद उचित मूल्य पर देना भंडार की प्राथमिकता रही है। इस बार शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष बिक्री केंद्र स्थापित किए गए हैं। यहां ग्रीन आतिशबाजी, 75 सेमी फुलझड़ी, फैंसी पटाखे, कॉक सहित अन्य ब्रांड की पूरी रेंज है।
राजेश कृष्ण बिरला ने कहा कि सहकारिता का अर्थ आमजन के हितों की रक्षा है। दीपावली पर हर परिवार मिठाई और आतिशबाजी लाना चाहता है, लेकिन बढ़ती कीमतें बाधा बनती हैं। भंडार इसी अंतर को पाट रहा है। हमारा संकल्प है कि उपभोक्ता को गुणवत्ता और कीमत में समझौता न करना पड़े। सहकारी संस्थाएं जनता के विश्वास की संरक्षक हैं। त्योहार की खुशी तभी सार्थक है जब लाभ हर वर्ग तक पहुंचे।
भंडार के तीनों सुपरमार्केट महावीर नगर तृतीय, स्टेशन क्षेत्र और सब्जीमंडी में सामग्री उपलब्ध है। इसके अलावा घोड़ेवाले चौराहे पर नागरिक सहकारी बैंक के समीप, प्रधान कार्यालय कैनाल रोड, तलवंडी में दाऊदयाल जोशी आयुर्वेदिक चिकित्सालय के पास, कॉमर्स कॉलेज रोड वी-मार्ट के पास रजत सिटी तथा महाराणा प्रताप सर्किल कुन्हाड़ी में विशेष काउंटर लगे हैं। यहां बीकाजी, बिकानो, हल्दीराम के भुजिया, चिवड़ा, लौंग सेव, गाठिया, पपड़ी, मीठे सेव सहित मिठाइयां उपलब्ध हैं।
हरिकृष्ण बिरला ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 में एक करोड़ के पटाखे, 10 लाख की मिठाइयां और 8.50 लाख के सोने-चांदी के सिक्के बिके थे। इस वर्ष 1.25 करोड़ के पटाखे और 30 लाख की मिठाई-नमकीन-ड्राईफ्रूट्स बिक्री का लक्ष्य है।
अतिरिक्त रजिस्ट्रार बीना बैरवा ने कहा कि भंडार शुद्ध उत्पाद उचित दर पर दे रहा है। इस अवसर पर उपाध्यक्ष नरेंद्र कृष्ण बिरला, संचालक अशोक मीणा, महीप सिंह सोलंकी, इन्द्रमल जैन सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।









