कोटा। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत शनिवार को कोटा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता रैली निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प देखने को मिली।
बैरिकेड्स लांघने की कोशिश, पुलिस ने चलाईं पानी की बौछारें
कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन के दौरान माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब कुछ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स पर चढ़ने का प्रयास किया। कार्यकर्ताओं को नियंत्रित करने और पीछे खदेड़ने के लिए पुलिस ने वाटर कैनन (पानी की बौछार) का इस्तेमाल किया। इस दौरान कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ हल्की-फुल्की झड़प भी हुई।

मंच छोड़कर चले गए प्रहलाद गुंजल
प्रदर्शन के दौरान एक वाक्या चर्चा का विषय बना रहा। कलेक्ट्रेट गेट पर आयोजित सभा के दौरान जब वक्ता मंच से अपनी बात रख रहे थे, उसी बीच पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल मंच छोड़कर चले गए। उनके इस तरह अचानक जाने को लेकर सियासी गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
प्रदर्शन में खुलकर दिखी कांग्रेस की गुटबाजी
‘छात्रों की गूंज’ प्रदर्शन के दौरान कोटा कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी एक बार फिर सड़कों पर नजर आई। कांग्रेसी कार्यकर्ता एक साथ जुटने के बजाय दो अलग-अलग स्थानों से रैली के रूप में रवाना हुए:
प्रहलाद गुंजल गुट: पूर्व विधायक प्रहलाद गुंजल अपने समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ उम्मेद सिंह स्टेडियम के सामने से रवाना हुए।
शहर व देहात कांग्रेस: शहर और देहात कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता लाडपुरा पंचायत समिति के बाहर एकत्र हुए और वहां से रैली निकाली।
शांति धारीवाल: पूर्व मंत्री व वरिष्ठ विधायक शांति धारीवाल कलेक्ट्री चौराहे पर पहुंचकर सीधे रैली में शामिल हुए।
ADM सिटी को सौंपा ज्ञापन, कई दिग्गज रहे मौजूद
कलेक्ट्रेट गेट पर आयोजित आमसभा में वरिष्ठ कांग्रेसी वक्ताओं ने राज्य सरकार और स्थानीय मुद्दों को लेकर निशाना साधा। संबोधन समाप्त होने के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (ADM सिटी) को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। इस प्रदर्शन में प्रदेश कांग्रेस के कई बड़े चेहरे और स्थानीय नेता शामिल रहे, जिनमें मुख्य रूप से पुष्पेंद्र भारद्वाज (प्रदेश कांग्रेस महासचिव व कोटा प्रभारी), जिग्नेश मेवानी (गुजरात प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष व कोटा संयोजक), शांति धारीवाल (विधायक), अशोक चांदना (विधायक), चेतन पटेल (विधायक), प्रहलाद गुंजल (पूर्व विधायक), राखी गौतम (शहर अध्यक्ष), भानु प्रताप (देहात अध्यक्ष), नईमुद्दीन गुड्डू व अमित धारीवाल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।











