कोटा। हिन्दू नववर्ष आयोजन समिति कोटा महानगर के तत्वावधान में हिन्दू नववर्ष विक्रम संवत 2083 के उपलक्ष्य में 17 से 21 मार्च तक पंचदिवसीय भव्य कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों के तहत मातृशक्ति वाहन रैली, महाआरती, स्वदेशी मेला, भजन संध्या तथा सर्व हिन्दू समाज की विराट वाहन रैली जैसे विविध आयोजन होंगे। इस आयोजन को लेकर गुरुवार शाम टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कबीर आश्रम चेतन धाम से प्रभाकर देव साहेब ने आह्वान किया कि हिन्दू युवाओं और बालकों के बीच में अपने नववर्ष की अधिकतम जानकारी देकर इसे विस्तृत और व्यापक बनाना चाहिए। महामंडलेश्वर रंजीतनंद जी ने कहा कि भारत अनादिकाल से हिन्दू राष्ट्र है और हमेशा रहेगा। हमें पूरी शक्ति के साथ हिन्दू नववर्ष को आयोजित करें। महामंडलेश्वर साध्वी हेमा सरस्वती के आह्वान किया कि हिन्दू समाज इसे स्वत: मनाए व स्वयं की भागेदारी से मनाएं। महामंडलेश्वर माता नीति अंबा ने कहा कि हिन्दू समाज जाग्रत समाज है, हमें अपने नववर्ष को पूर्ण उत्साह से मनाना चाहिए। महानगर के अध्यक्ष गोविन्द नारायण अग्रवाल नें कहा कि हिन्दू नववर्ष के सभी कार्यक्रम समाज के अपने है और इन्हें पूरी तरह से सफलतापूर्वक मनाएंगे।
इस अवसर पर वाहन रैली संयोजक युधिष्ठिर सिंह हाड़ा, मातृशक्ति वाहन रैली संयोजिका रेणु मिश्रा, स्वदेशी मेला संयोजक प्रमोद राठौर तथा भजन संध्या संयोजक पंकज मेहता सहित महानगर की 12 नगर समितियों के संयोजकों ने अपनी-अपनी तैयारियों के वृत्त प्रस्तुत किए।
कार्यक्रमों का शुभारम्भ 17 मार्च को मातृशक्ति वाहन रैली से होगी। यह रैली दोपहर 3 बजे नयापुरा स्टेडियम से प्रारंभ होकर गोदावरीधाम तक जाएग, जिसमें कोटा महानगर की मातृशक्ति अपने दोपहिया वाहनों के साथ भाग लेकर हिन्दू नववर्ष के आयोजन का शुभारंभ करेगी। 18 मार्च को हिन्दू नववर्ष की पूर्व संध्या पर कोटा महानगर की लगभग 120 बस्तियों में एक साथ महाआरती का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की जिम्मेदारी महानगर की 12 नगर समितियों को सौंपी गई है। जो 120 से अधिक बस्तीयों में महाआरतियों का आयोजन सम्पन्न करवाएंगी। 19 मार्च से दशहरा मैदान में दो दिवसीय स्वदेशी मेले का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न प्रकार के स्वदेशी उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे। मेले का समापन 20 मार्च की रात्रि में प्रसिद्ध भजन गायिका गीता रेबारी की भजन संध्या के साथ होगा। 21 मार्च को सर्व हिन्दू समाज की विराट वाहन रैली आयोजित की जाएगी। महानगर के 12 नगरों से निकलने वाली रैलियां चार प्रमुख स्थानों, कॉमर्स कॉलेज, आईटीआई परिसर डीसीएम रोड, नयापुरा स्टेडियम और मल्टीपरपज स्कूल गुमानपुरा पर एकत्र होकर टीलेश्वर चौराहा पर शाम 5 बजे महासंगम करेंगी। इसके पश्चात यह विशाल रैली टीलेश्वर चौराहा से जड़ के बालाजी दशहरा मैदान पहुंचकर सम्पन्न होगी। साथ ही महानगर के 12 नगरों में नगर स्तरीय समितियों की घोषणा की गईं है।
बैठक में सत्यनारायण यादव, श्यामबिहारी नागर, सत्यनारायण श्रीवास्तव, ओमप्रकाश त्रिपाठी,,पंकज मेहता, हेमंत विजय, मुकुट नागर, हिरेन्द्र शर्मा, महेश विजय. राजाराम कर्मयोगी, प्रमोद राठौड, किशन पाठक, अरविन्द सिसोदिया, सुनील पोकरा, डॉ. अनुपमा चतुर्वेदी, डॉ. ज्योति शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।







