बारां/कोटा। राजस्थान के बारां जिले में पुलिस लाइन में तैनात एक युवा कांस्टेबल की ड्यूटी के दौरान अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह घटना रविवार सुबह करीब 11 बजे की है, जिसने पूरे पुलिस परिवार को स्तब्ध कर दिया है। मृतक कांस्टेबल धनराज सहरिया ( 29 ) पुत्र जोगेंद्र सहरिया भवरगढ़ थाना क्षेत्र के नयागांव के निवासी थे और वर्ष 2017 में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुए थे।
ड्यूटी के दौरान अचानक बिगड़ी तबीयत
धनराज सहरिया रविवार सुबह नियमित ड्यूटी पर थे। पुलिस लाइन के ग्राउंड की ओर जाते समय अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वे सीने में तेज दर्द महसूस करते हुए गश खाकर जमीन पर गिर पड़े। मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें सहारा दिया और सूचना मिलते ही उनकी चचेरी बहन जो सदर थाने में कांस्टेबल के पद पर तैनात हैं मंजू को फोन किया गया।
मंजू तुरंत पुलिस लाइन पहुंचीं और साथी पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर धनराज को बारां के प्रिया हॉस्पिटल ले गईं। अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें अचेत अवस्था में भर्ती किया। काफी देर तक सीपीआर (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देने के बावजूद उनकी धड़कन सामान्य नहीं हो पाई। कुछ देर बाद हृदय ने पूरी तरह काम करना बंद कर दिया। डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।
प्रिया हॉस्पिटल के फिजिशियन डॉ. नरेंद्र शाक्यवाल ने बताया, मरीज को ग्राउंड पर अचानक सीने में दर्द के साथ गश खाकर गिरने की सूचना मिली थी। उन्हें अचेतावस्था में लाया गया। लक्षणों के अनुसार प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से ही मृत्यु हुई है।
परिवार में शोक की लहर
धनराज सहरिया के परिवार में उनकी मां, पत्नी और दो छोटे बच्चे हैं। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरा परिवार सदमे में है। धनराज की अचानक मौत ने न केवल परिवार को, बल्कि पूरे पुलिस विभाग को गमगीन कर दिया है।
घटना के बाद बारां पुलिस में शोक की लहर दौड़ गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश चौधरी भी तुरंत अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। पुलिस ने सभी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पोस्टमॉर्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया।
2017 में हुई थी भर्ती, ड्यूटी के प्रति समर्पित थे धनराज
धनराज सहरिया ने वर्ष 2017 में राजस्थान पुलिस में कांस्टेबल के पद पर भर्ती हुई थी। वे हमेशा ड्यूटी के प्रति समर्पित और अनुशासित रहते थे।
बढ़ते हार्ट अटैक के मामलों पर चिंता
पुलिसकर्मियों में हार्ट अटैक के मामले हाल के वर्षों में चिंताजनक रूप से बढ़े हैं। तनावपूर्ण ड्यूटी, अनियमित जीवनशैली और शारीरिक थकान को इसका प्रमुख कारण माना जा रहा है। विशेषज्ञों का कहना है कि युवा उम्र में भी हार्ट अटैक के मामले बढ़ रहे हैं, जिसके लिए नियमित स्वास्थ्य जांच, व्यायाम और तनाव प्रबंधन बेहद जरूरी है।
बारां पुलिस प्रशासन ने धनराज सहरिया की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। विभाग उनके परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।







