कोटा। शहर पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना रानपुर पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर बदमाश कालू भडक़ को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 7 अवैध हथियार और 27 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्वनी गौतम (आईपीएस) के निर्देशन में चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थानाधिकारियों को अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई के सख्त आदेश दिए गए थे। इसी क्र में 12 फरवरी को थाना रानपुर प्रभारी भीमसिंह उप निरीक्षक एवं उनकी टीम ने रिको रानपुर क्षेत्र में गश्त के दौरान सूचना के आधार पर कालू भडक़ को टाटा सफारी गाड़ी सहित रोका।
कार की चेकिंग में उसके पास से 2 देशी पिस्टल (मैगजीन सहित), 2 अतिरिक्त मैगजीन, 1 देशी कट्टा और 15 जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी को गिरफ्तार कर हथियार व गाड़ी जब्त की गई। प्रकरण (संख्या 24/2026, धारा 3/25 आम्र्स एक्ट) दर्ज होने के बाद उसके घर से 4 देशी कट्टे, 2 अतिरिक्त मैगजीन और 12 जिंदा कारतूस भी जब्त किए गए। बरामदगी में कुल 2 पिस्टल, 5 कट्टे, 4 अतिरिक्त मैगजीन और 27 कारतूस शामिल हैं। हथियारों की खरीद-फरोख्त एवं अन्य संलिप्त व्यक्तियों की जांच जारी है। पुलिस ने बताया की आरोपी के खिलाफ शहर के विभिन्न थानों में 32 आपराधिक मुकदमें दर्ज है।
कार्रवाई के दौरान टीम में सुरजमल, महावीर, विश्वेन्द्र (विशेष भूमिका), मुकेश (थाना रानपुर) तथा थाना आरकेपुरम की सहयोगी टीम शामिल रही। यह कार्रवाई कोटा में अपराध पर पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाती है।








